– सैफई डिपो से 9.34 लाख रुपये समेत तिजोरी गायब होने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सैफई (इटावा। रोडवेज के सैफई डिपो कार्यशाला के कैश रूम से 9.34 लाख रुपये के साथ डेढ़ क्विंटल वजन की तिजोरी गायब होने के मामले में बुधवार को लखनऊ से रोडवेज की दो सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।
रोडवेज के सैफई डिपो कार्यशाला के कैश रूम से रखी डेढ़ क्विंटल वजन की तिजोरी में करीब 9.34 लाख रुपये का कैश रखा था। दीपावली की रात हुई घटना को लेकर डिपो प्रभारी ने कर्मियों के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के एमडी मासूम अली सरवर के निर्देशन पर लखनऊ मुख्यालय से आरएम भारत ठाकुर एवं बीएम फाइनेंस अजय सिन्हा की दो सदस्यी टीम सैफई डिपो पहुंची। जांच टीम ने क्षेत्रीय प्रबंधक पीआर पांडेय, एआरएम डीएम सक्सेना के साथ सुरक्षा गार्ड एवं केंद्र प्रभारी व फोरमैन से अलग-अलग बयान दर्ज किए।
सुरक्षा एजेंसी को बदलने के निर्देश दिए हैं। सीसी कैमरों की संख्या बढ़ाने की बात की। टीम ने केंद्र प्रभारी शांति स्वरूप से जानकारी जुटाई कि तिजोरी को कैश रूम में खुले में क्यों रखा गया था। उसको दीवाल में क्यों नहीं लगवाया गया। केंद्र प्रभारी ने बताया इस संबंध में उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित में तिजोरी को सीमेंट में लगवाने के लिए पत्राचार किया जा चुका था।
