इटावा। सत्ता पक्ष के नेता पक्का तालाब समेत अन्य विकास कार्यों को रोकने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जिलाधिकारी को भी पत्र लिखे गए हैं। राजनीतिक द्वेष के चलते शहर के विकास को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने यह आरोप लगाया।
बताया कि पक्का तालाब पर नगर पालिका की ओर से पहले ही टेंडर करा लिए गए थे। निर्माण कार्य शुरू कराया दिया गया था। राजनीति के तहत काम को रुकवा दिया गया। अब पर्यटन विभाग से निर्माण कार्य कराने की बात कही जा रही है। चेयरमैन ज्योति गुप्ता ने सभासदों के साथ प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि पालिका शहर में अपने संसाधनों से विकास कार्य कराने के लिए कटिबद्ध है। इसी विकास की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिका इटावा ने ऐतिहासिक पक्का तालाब के सुंदरीकरण की विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है।
पालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ ही यहां आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पालिका ने पक्का तालाब के चारों ओर हार्डस्केप का कार्य, साथ ही ऑक्सीनेशन प्लांट, चारों ओर एसएस रेलिंग लगाने का कार्य, वेंडर जोन निर्माण, तालाब पर रॉकरी लैंडस्केप, लैंडस्केप से सुंदरीकरण, साथ ही तालाब के अंदर फ्लोटिंग फाउंटेन की भी व्यवस्था होगी। आम जनता के लिए पक्के तालाब के चारों ओर विद्युतीकरण के लिए 2.27 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पालिका ने सभी वार्डों व शहर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के संबंध में लगभग 62 लाख की लागत से 900 विद्युत लाइट खरीदने का भी निर्णय बोर्ड बैठक में लिया था। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
चेयरमैन ने कहा कि शहर के डीएम चौराहा के पास निर्माणाधीन अटल पथ के लिए पालिका के 15 वें वित्त से दो करोड़ रुपये की धनराशि भी डीएम की संस्तुति पर आवंटित की गई है। नगर पालिका की ओर से डीएम व एडीएम को अटल पथ पर पूर्व रक्षा मंत्री व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा लगाने का भी अनुरोध पत्र सोमवार को सभासदों के साथ दिया गया हैं। इससे उनकी स्मृतियों को भी शहर के लोगों के बीच सहेजा जा सके। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त से स्वीकृत हुए तीन प्रमुख चौराहों पक्का तालाब, नुमाइश चौराहा व भरथना चौराहा के सुंदरीकरण की योजना भी पूर्व में तैयार की गई थी। निर्माण कार्य शुरू करा दिए गए हैं।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका की ओर से पर्यटन विभाग से संचालित सहभागिता योजना के तहत यमुना नदी पर रिवर फ्रंट के निर्माण के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। पर्यटन विभाग की इस योजना में 50 फीसदी बजट संबंधित संस्था, निकाय अथवा जनप्रतिनिधि की ओर से दिया जाता है, जबकि 50 फीसदी बजट विभाग की ओर से उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना के तहत पूरे यमुना नदी तट के किनारे रिवर फ्रंट का निर्माण लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर कराया जाएगा। पुराना कानपुर बाईपास रोड पर पालिका की पुराने कट्टी खाने की जमीन पर पालिका की ओर से एक वृहद पार्क का निर्माण कराया जाना है। पालिका बोर्ड की बैठक में पारित हुए प्रस्ताव को शासन स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।
वर्तमान समय में संचालित यमुना नदी के किनारे श्मशान घाट के पास पालिका की भूमि पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण के लिए भी शासन स्वीकृति मिल चुकी है। कंपनी चयन व टेंडर प्रक्रिया भी करा ली गई है। कहा कि नगरपालिका के सभी सभासद, कर्मचारियों व आम जनता के सहयोग से पालिका शहर के विकास के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
पालिकाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पालिका में अब तक 167 लोग बिना काम के वेतन पा रहे थे। इस संबंध में भाजपा के जो लोग फेसबुक पर आरोप लगा रहे हैं फिर भी पालिका से ही वेतन पा रहे थे। उन्होंने कहा लोगों की काली कमाई पालिकाध्यक्ष ज्योति गुप्ता के आने के बाद बंद हो गई है। इसकी वजह से सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे हैं।