इटावा। फुटपाथों और नालियों पर कब्जा करके सड़कों को सिकोड़ने वालों के खिलाफ अब प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। डीएम ने 18 से 29 तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए टीमें भी गठित कर दी हैं।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि उन्होंने शहर में पैदल भ्रमण के दौरान दुकानदारों की ओर से जगह-जगह नगर पालिका की नाली व सड़क की पटरी पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा तो हो ही रही है वहीं दूसरी ओर नाली की सफाई आदि में भी व्यवधाान उत्पन्न हो रहा है। जिसके कारण नगर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

उन्होंने बताया कि आम नागरिकों को जाम की समस्या व दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नगर मजिस्ट्रेट को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर को पुलिस विभाग का नोडल अधिकारी एवं संबंधित थाना क्षेत्र के प्रभारियों की टीम गठित की है। बताया कि 18 को नगर पालिका चौराहे से नौरंगाबाद चौराहे तक, 19 को नगर पालिका चौराहे से गाड़ीपुरा चौराहा, तहसील चौराहे तक, 20 को नगर पालिका चौराहे से बल्देव चौराहे तक, 21 को नौरंगाबाद चौराहे से रोडवेज बस स्टैंड तक, 22 को नगर पालिका चौराहे से टिक्सी मंदिर तक अभियान चलाया जाएगा।

23 को शास्त्री चौराहे से मालगोदाम होते हुए नया बस स्टैंड तक, 25 को पक्का बाग तिराहे से नेशनल हाईवे तक, 26 को पक्का बाग तिराहे से सांई उत्सव गार्डन तक, 27 को भरथना चौराहे से मंडी परिसर की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर एवं 29 को भरथना चौराहे से लक्ष्मण वाटिका की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रतिदिन नगर में व्याप्त अतिक्रमण को नियमानुसार हटवाकर उसकी फोटोग्राफ तथा सूचना उपलब्ध कराएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें