सैफई। बारिश तथा उमस भरे मौसम में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के ओपीडी में मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। इस बीच गुरुवार को सर्वर ठप रहने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग तीन घंटे तक सर्वर प्रभावित रहने से बड़ी संख्या में मरीजों को लौटना पड़ा।
गुरुवार को ओपीडी में बने पंजीकृत केंद्र पर सिर्फ सुबह आठ से नौ बजे तक सिर्फ एक घंटे तक मरीजों के पर्चा बन सके। करीब नौ बजे अचानक सर्वर ठप होने से पर्चे बनने बंद हो गए। वहीं, बिलिंग काउंटर, जांच केंद्र पर लंबी-लंबी कतार मरीज और उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। कुछ महिला मरीज तो जमीन पर बैठकर ही अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आईं, लेकिन वहां कोई व्यवस्था नहीं हो सकी।
करीब तीन घंटे बाद 12 बजे के बाद वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कुछ स्टाफ के पर्चे हाथ के माध्यम से बनाना शुरू किए गए, लेकिन अक्सर मरीज लौट गए। इस बीच सिर्फ सुरक्षा गार्ड मरीजों को समझाते नजर आए, लेकिन विश्वविद्यालय का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रभारी कुलसचिव डॉ. चंद्रवीर सिंह ने बताया कि अचानक से सर्वर ठप हो गया था। इस कारण पर्चे बनने में दिक्कत आई, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था से पर्चे बनवाने की व्यवस्था कराई गई थी।