संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा

Updated Sat, 16 Dec 2023 12:04 AM IST

सैफई। घर के बाहर खड़े वृद्ध किसान पर सांड़ ने हमला बोल दिया। सांड ने उन्हें सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया, जिससे किसान की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सांड़ को भगाया। परिजन गंभीर रूप से घायल किसान को लेकर सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 14 दिन पहले ताखा ब्लॉक क्षेत्र के हिरमानी गांव में भी सांड़ के हमले से एक किसान की जान गई थी।

थाना क्षेत्र के उधमपुर गांव निवासी वृद्ध किसान शिशुपाल सिंह (70) पुत्र फुलसहाय शुक्रवार सुबह साढ़े चार बजे घर के बाहर गली में खड़े थे। तभी अचानक पीछे से आए सांड़ ने उन्हें सींगों में फंसाकर पटक दिया। वृद्ध की चीख-पुकार पर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन तब तक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने सैफई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में पहुंचाया जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किसान की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा गोवंश फसलों को तो नुकसान पहुंचा ही रहे हैं। हमला करके ये किसी को घायल कर दे रहे तो किसी की मौत हो जाती है।

…………………………………..

14 दिन पहले ताखा में भी हो चुकी घटना

ताखा ब्लॉक क्षेत्र के हिरमानी निवासी किसान प्रयाग सिंह (85) तीन दिसंबर को सुबह दरवाजे पर बैठे थे। तभी वहां से निकल रहे सांड़ ने दौड़ कर वृद्ध को उठाकर फेंक दिया था। जिससे उनकी पसलियां टूट गई थीं। चार दिसंबर की रात उनकी मौत हो गई थी।

…………………………………..

बनकटी खुर्द में भी सांड़ के हमले से हुई थी किसान की मौत

बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव बनकटी खुर्द निवासी मेवाराम (60) एक जुलाई की सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में किसान के ऊपर सांड़ ने हमला बोल दिया था। अधमरी हालत में घायल किसान को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें