चकरनगर। 142 ग्राम सोने के जेवर बेचने आए वैन सवार चार संदिग्ध लोगों पर दुकानदार को शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंचे सिपाही को धक्का देकर वैन सवार जेवर लेकर भागने लगे। सराफ ने जेवर छीनकर उनको रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मौका देखकर भाग गए। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सीसीटीवी कैमरों से वैन सवारों की तलाश में जुटी हुई है।
सहसों थाना क्षेत्र के हनुमंतपुरा कस्बा में स्थित भदौरिया ज्वेलर्स पर गुरुवार दिन में करीब दस बजकर 50 मिनट पर वैन से चार लोग सोने के जेवर बेचने पहुंचे। शक होने पर दुकान मालिक उद्योग व्यापर मंडल के कस्बा अध्यक्ष उमेश भदौरिया ने चौकी इंचार्ज हनुमंतपुरा को वाट्सएप पर मैसेज करके सूचना दी। व्हाट्सएप मैसेज का जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अपने छोटे भाई से व्हाट्सएप मैसेज के जरिए बोलकर चुपके से पुलिस को फोन करा दिया। हनुमंतपुरा चौकी पुलिस ने मामले को हल्के में लिया और एक सिपाही को डंडे के सहारे भेज दिया। ज्वेलर्स की दुकान पर जैसे ही एक पुलिस कर्मी पहुंचा तो संदिग्ध व्यक्ति सोने के जेवर लेकर भागने लगे।
उमेश भदौरिया ने उक्त लोगों से सोने के जेवर तो छीन लिये लेकिन संदिग्ध लोग सिपाही से धक्का मुक्की करते हुए वैन लेकर बिठौली सड़क मार्ग पर भाग गए। उमेश भदौरिया ने एसएसपी और व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल को घटना से अवगत कराया। उमेश भदोरिया ने बताया कि संदिग्ध लोगों ने करीब आठ लाख रुपये के 142 ग्राम सोने के जेवर बेचने के लिये दिये।
एसएसपी को सूचना देने के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इधर सहसों, बिठौली, भरेह व चकरनगर पुलिस टीम भी सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। क्राइम ब्रांच को एक दुकानदार असूल खां ने दो लोगों के नाम सहित पहचान करा दी है। जोकि चकरनगर के ही बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी रण बहादुर सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच व सर्विलांस सहित चकरनगर सर्कल से पुलिस की तीन टीमें बनाकर जांच पड़ताल की जा रही है। संदिग्ध लोगों को पकड़ने पर घटना की सही जानकारी हो पाएगी।
