बकेवर। 50 शैया अस्पताल में तैनात चिकित्सकों व चिकित्सकीय स्टाफ को पिछले तीन से चार माह से वेतन नहीं मिला। शासन से वेतन का बजट आए दस दिन बीतने के बावजूद भुगतान न होने से लोगों में नाराजगी है।
कस्बा स्थित 50 शैया अस्पताल में शासन ने 11 चिकित्सकों व 11 पैरामेडिकल स्टाफ को पिछले जून माह में तैनात किया था, लेकिन अस्पताल का डीडीओ कोड न आने के कारण अस्पताल में तैनात स्टाफ को वेतन नहीं मिल पा रहा है। पिछले महीने चिकित्सकों का अगस्त तक का वेतन सीएमओ कार्यालय इटावा के तहत निकल गया था।
चिकित्सकों ने बताया कि उनका सितंबर, अक्तूबर व नवंबर तीन माह का वेतन नहीं मिला है। जबकि दिसंबर माह में भी आधा बीतने को है। वहीं, पर अस्पताल में शासन से तैनात किए गए पैरामेडिकल स्टाफ का वेतन चार महीने से नहीं मिला है। दिसंबर माह में भी 12 दिन हो चुके हैं। 20 दिन के बाद दिसंबर महीने का वेतन भी बनने लगेगा है। अगर 20 दिसंबर तक वेतन नहीं मिला तो चिकित्सकों के वेतन के चार महीने हो जाएंगे, जबकि पैरामेडिकल स्टाफ को पांच महीने का वेतन रुका हुआ हो जाएगा।
पिछले माह चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ ने वेतन दिलाए जाने के संबंध में एक पत्र अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीरेंद्र भारती को दिया भी था। उसके बाबजूद भी वेतन नहीं निकला। चार माह से वेतन नहीं निकलने के कारण अस्पताल के चिकित्सकों का पैरामेडिकल स्टाफ के लोगों के सामने विभिन्न घरेलू समस्याएं खड़ी हुई है।
एक चिकित्सक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें बच्चों की स्कूल की फीस व मकान के लोन की किस्त देने के लिए लाले पड़े हुए हैं। उनकी दो महीने की हाउसिंग लोन की किस्त बाउंस हो गई है। खर्च करने के लिए अलग से उधार लेना पड़ रहा है। कैसे गुजारा करें। अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीरेंद्र भारती से जानकारी करने पर उन्होंने बताया वेतन का बजट आ गया है। जल्द ही वेतन दिलाया जाएगा।
