प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं इस सरकार में बढ़ी हैं। यह बात शनिवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग के मामले पर सवाल पूछे जाने पर कही। चौबिया क्षेत्र में एक कार्यक्रम में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि इस सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। शहर में जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार का हाल देख लें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन फेल हो गया है। टंकियां पानी नहीं दे रहीं, सड़कें खुदी पड़ी हैं।

विकसित प्रदेश के विजन पर किए जा रहे कार्यक्रम को लेकर कहा कि भाजपा के लोग खुद ही सब कह लेते हैं। हकीकत में कुछ विकास नहीं हो रहा है। आरोप लगाया कि भाजपा के लोग अपने मठ, कॉलेज, यूनिवर्सिटी तैयार कर उन्हें भरने का काम कर रहे हैं। जीएसटी का स्लैब बदलने के सवाल पर कहा कि 14 साल में जनता को लूट लिया है। जीएसटी ने जनता की कमर तोड़ दी। जनता ऐसे लोगों को बख्शेगी नहीं। कहा कि भाजपा केवल लूटने में लगी है। इससे हमारा प्रदेश पीछे चला गया है। अभी तक इतनी बेईमान सरकार कभी नहीं आई।