आगरा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से जिले के पांच केंद्रों पर शुरू होगा। मूल्यांकन 1 अप्रैल तक चलेगा। जिले में कुल 3,603 परीक्षक, 372 डीएचई और 185 अंकेक्षक मूल्यांकन कार्य में तैनात किए गए हैं। मंगलवार को सभी परीक्षकों और पर्यवेक्षकों को कार्य, गोपनीयता और मूल्यांकन प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि जिले में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज में रामशंकर, प्रधानाध्यापक, राजकीय हाईस्कूल बटेश्वर बाह को पर्यवेक्षक बनाया गया है। आरबीएस इंटर कॉलेज खंदारी में उदयमान सिंह, प्रधानाध्यापक, राजकीय हाईस्कूल रायभा, मऊ रोड स्थित नेशनल मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय में विश्वप्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय को पर्यवेक्षक बनाया गया हैं। ताजगंज स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में सुजीत कुमार, प्रधानाचार्य, पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मनकेड़ा और हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज (नवीन) में प्रभाकर गिरी, प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल गंगरौआ को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

सभी पर्यवेक्षक मूल्यांकन केंद्र पर कार्य शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचेंगे। उनके सामने ही स्टोर रूम से उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों का रेंडम चयन कर डीएचई और परीक्षकों को वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। मूल्यांकन कार्य पूरी तरह से सीसीटीवी डबल वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त कैमरों की निगरानी में होगा। साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।

डीआईओएस ने बताया कि अब तक जिले में 23 शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य से पहले ही डिबार किया जा चुका है, ताकि शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे। सभी संबंधित अधिकारियों और परीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि परिषदीय नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय में पूरा कराएं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *