Factory sealed after ammonia gas leak in Agra

Agra: आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव के बाद बाहर खड़े लोग
– फोटो : संवाद

विस्तार


उत्तर प्रदेश के आगरा में औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई की बर्फ फैक्टरी में अमोनिया गैस के रिसाव की घटना के बाद प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर दिया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन और अग्निशमन अधिकारियों ने जांच की थी। इसमें सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई थी। उधर, गैस रिसाव के कारण जिन बच्चों की हालत बिगड़ी थी, वह दहशत में हैं।

नुनिहाई में कमला नगर के दंपती की बर्फ फैक्टरी में रखे कंटेनर से अमोनिया गैस के रिसाव से अफरातफरी मच गई थी। आसपास के इलाके के कई लोगों को सांस लेने में दिक्कतें और आंखों में जलन हुई थी। पांच बच्चे भी बेहोश हुए थे। बाद में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने दमकलों की मदद से पानी का छिड़काव करके गैस रिसाव के असर को कम किया। 

रिसाव को डेढ़ घंटे के बाद बंद किया जा सका था। इसके बाद फैक्टरी के कर्मचारी भी भाग निकले थे। देर शाम को जांच के बाद प्रशासनिक अफसरों ने फैक्टरी को सील कर दिया। रविवार को कर्मचारी भी फैक्टरी में नहीं पहुंचे। उधर, जिन बच्चों की हालत बिगड़ी थी, वह दहशत में हैं। 

परिजन ने बताया कि बच्चे डर के मारे घर से बाहर जाने को तैयार नहीं हैं। वह घर के बाहर खेल रहे थे, तभी रिसाव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी थी। वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वहीं लोगों का कहना है कि औद्योगिक इलाके में तमाम फैक्टरियां बिना सुरक्षा मानकों के संचालित की जा रही हैं। कोई हादसा होने पर ही विभिन्न विभागों की टीमें जांच करने पहुंचती हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *