उरई। पश्चिम एशिया में बढ़े सैन्य तनाव और हमलों की खबरों ने जिले के कई परिवारों की नींद उड़ा दी है। सऊदी अरब के शहर रियाद में होटल मैनेजर मोहित गुप्ता की पिता से शनिवार देर रात बात हुई इसके बाद से फोन नहीं लगा रहा है। इससे परिवार परेशान है। वहीं पप्पू की दुबई में दामाद और बेटे से बात हुई तो राहत की सांस आई।
कदौरा नगर के मोहल्ला पुरुवा निवासी मोहित गुप्ता अपनी पत्नी इला गुप्ता और दो छोटे बच्चों के साथ सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार देर रात क्षेत्र में हमलों और धमाकों की खबर मिलते ही गांव में बैठे उनके माता-पिता की धड़कनें तेज हो गईं।
पिता कैलाश गुप्ता और माता प्रवेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार शाम बेटे-बहू से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि दूर कहीं धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं, जिससे माहौल दहशत भरा है। हालांकि उनका ठिकाना उस स्थान से दूर था, फिर भी बच्चों के साथ वे सहमे हुए थे। रविवार सुबह से मोहित और उसकी पत्नी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बार-बार कॉल करने पर भी बात न हो पाने से माता-पिता की चिंता और बढ़ गई है।
मां की आंखें बार-बार दरवाजे की ओर उठ जाती हैं, मानो बेटा सामने खड़ा हो। पिता कहते हैं, “रोजी-रोटी के लिए गया था पर अब बस उसकी और बच्चों की सलामती की खबर मिल जाए। परिजनों ने बताया कि मोहित ने हालात बिगड़ने पर भारत लौटने की कोशिश करने की बात कही थी लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उड़ानों और आवाजाही को लेकर भी असमंजस बना हुआ है।
दुबई में बेटे-दामाद को लेकर भी रातभर जागता रहा परिवार
उरई। शहर के मोहल्ला तिलक नगर निवासी पप्पू का बेटा और दामाद दुबई के एक होटल में काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि उनका कार्यस्थल शहर के प्रमुख इलाके के पास है। हमलों की खबरों के बाद से ही घर में बेचैनी बढ़ गई।
पप्पू ने बताया कि रात में कई बार फोन मिलाकर बेटी और दामाद की खैरियत जानी। “जब तक आवाज नहीं सुनी, दिल नहीं माना। अब हर खबर पर नजर है और हर पल दुआ कर रहे हैं कि सब ठीक रहे,” उन्होंने भावुक स्वर में कहा। जिले के अन्य परिवार भी, जिनके बेटे-बेटियां खाड़ी देशों में काम कर रहे हैं, लगातार संपर्क साधने में जुटे हैं। मंदिरों और घरों में दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया है। किसी की मां रो-रोकर भगवान से प्रार्थना कर रही है तो कोई पिता मोबाइल स्क्रीन पर नजरें गड़ाए बैठा हैं।
————–
संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई गई निगरानी, अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश
उरई। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के मद्देनजर जिले में भी पुलिस-प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को देखते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
