झांसी। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच झांसी का एक परिवार बहरीन में फंस गया है। हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि उनके ठिकाने से कुछ दूरी पर ड्रोन हमला भी हो चुका है। उड़ानें रद्द होने के कारण परिवार भारत नहीं लौट पा रहा है और अब चार्टर्ड विमान का किराया कई गुना बढ़ जाने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

गुरसराय के पटकाना मोहल्ले निवासी कपिल श्रीवास्तव पिछले करीब एक वर्ष से बहरीन की राजधानी मनामा में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनके साथ पत्नी प्रियंका और बेटी वनिका भी वहीं रह रही हैं। कपिल ने बताया कि पिछले महीने युद्ध शुरू होने के बाद उन्होंने भारत लौटने के लिए फ्लाइट बुक कराई थी, लेकिन अचानक विमान कंपनी ने टिकट निरस्त कर दिए। इसके बाद से सभी नियमित उड़ानें भी बंद हैं और फिलहाल उनके शुरू होने की उम्मीद कम नजर आ रही है।

उन्होंने बताया कि पहले बहरीन से भारत आने का किराया 20 से 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति होता था, लेकिन अब चार्टर्ड प्लेन से यही किराया बढ़कर करीब सवा लाख रुपये प्रति व्यक्ति हो गया है, जो उनके लिए वहन करना मुश्किल है।

कपिल के अनुसार, बहरीन में कई अन्य भारतीय भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं। सभी ने सरकार से विशेष विमान चलाने की मांग की है, ताकि वे सामान्य किराये पर भारत लौट सकें। उन्होंने बताया कि उनके घर से करीब पांच किलोमीटर दूर ड्रोन हमला हो चुका है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। इधर, गुरसराय में रह रहे परिजन भी काफी चिंतित हैं और लगातार फोन के जरिए उनका हालचाल ले रहे हैं।

विदेश मंत्री को लिखा गया पत्र

गरौठा से भाजपा विधायक जवाहर राजपूत ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कपिल श्रीवास्तव के पत्र का हवाला देते हुए परिवार समेत अन्य भारतीयों की सुरक्षित भारत वापसी के लिए तत्काल मदद की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *