लखनऊ। महानगर स्थित भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय में तीमारदारों के लिए बनाए गए रैन बसेरे की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। एक तरफ जिम्मेदार अधिकारी एसी कमरों में बैठ रहे हैं, वहीं अस्पताल परिसर में बने टिनशेड वाले रैन बसेरे में तीमारदार भीषण गर्मी में तपने के लिए मजबूर हैं।
100 बेड के इस अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों के ठहरने के नाम पर केवल एक अस्थायी टिनशेड का रैन बसेरा है। स्थिति यह है कि रैन बसेरे में पंखे और कूलर गायब हैं। हैरानी की बात यह है कि सर्दी बीतने के महीनों बाद भी यहां ठंड से बचाव वाले हीटर लटक रहे हैं। रैन बसेरे में रखे गए पांच गद्दों में से अधिकांश फटे हुए हैं।
यहां रुके तीमारदारों का कहना है कि टिनशेड के नीचे 10 मिनट बैठना भी दूभर है। बिना पंखे के गर्मी इतनी अधिक हो जाती है कि यहां रुकना किसी सजा से कम नहीं है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. रंजीत दीक्षित ने आश्वासन दिया है कि रैन बसेरे में जल्द ही पंखे लगवा दिए जाएंगे।