
Farmer Protest
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
किसान मंगलवार सुबह दिल्ली कूच के लिए निकले। पंजाब पुलिस की ओर से प्रदेशभर में की गई बैरिकेडिंग पर किसान आंदोलनकारियों को नहीं रोका गया। बिना रोक-टोक किसान अपने ट्रैक्टर, ट्रालियों, जेसीबी और अन्य वाहनों के काफिले के साथ हरियाणा बॉर्डर की ओर कूच करते दिखाई पड़े।
इस दौरान राजपुरा बाईपास, दप्पड़, लालड़ू और अन्य जगहों पर की पंजाब पुलिस की बैरिकेडिंग पर पुलिसकर्मी किसान आंदोलनकारियों को बेधड़क रास्ता देते नजर आए। किसान आंदोलनकारी दप्पर टोल प्लाजा से महज लहरी स्थित श्रीगुरुद्वारा साहिब से मात्र 200 मीटर की दूरी पर गांव के रास्ते से होते हुए शंभू बॉर्डर पर पहुंचे।
पंजाब सरकार के थे निर्देश, किसानों का काफिला न रोका जाए
पंजाब सरकार की ओर से पुलिस विभाग को सख्त हिदायत दी गई थी कि किसानों के काफिले को दिल्ली कूच के लिए न रोका जाए। किसानों के दिल्ली कूच के समय प्रदेश की जनता को कोई परेशानी न हो, बस इसको लेकर पुलिसकर्मियों को व्यवस्था संभालने के लिए कहा गया था।
यही कारण है कि पंजाब में हरियाणा के तर्ज पर किसी भी जगह कोई ठोस किलाबंदी, बैरिकेडिंग या किसान आंदोलनकारियों को रोकने के लिए कोई पुख्ता बंदोबस्त या झड़प की घटना सामने नहीं आई।
