
मौके पर पहुंची पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कासगंज जिले के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव धनसिंह पुर में बड़े भाई को खेत पर खाना देने गए किसान को सांड़ ने रौंद दिया। उन्हें कई बार उठाकर पटका। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें बचाने आए एक अन्य व्यक्ति को भी दौड़ा लिया। व्यक्ति ने पास ही मौजूद ट्यूबवैल की कोठरी में अपने आपको बंद कर जैसै-तैसे जान बचाई ।
थाना सिढ़पुरा अंतर्गत गांव धनसिंह पुर निवासी जसवीर चौहान (56) बृहस्पतिवार को अपने बड़े भाई सत्यपाल को ट्यूबवैल पर खाना देने गए थे। इसी दौरान ट्यूबवैल पर एक उत्पाती सांड़ आ गया और उसने जसवीर को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। इसी बीच वहां ट्यूबवैल मालिक रामौतार पाठक निवासी गांव पिलखूनी आ गए और उन्होंने जसवीर को बचाने का प्रयास किया तो सांड़ उनके पीछे लग गया और उन्हें दौड़ा दिया। रामौतार पाठक किसी तरह ट्यूबवैल की कोठरी में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ लोहे के दरवाजे में ही टक्कर मारता रहा। इसी बीच काफी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए और किसी तरह सांड़ को वहां से भगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को वहां बुलाया। सूचना पर उपनिरीक्षक अतुल कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जसवीर की शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई के साथ ही रहता था।
