सिरसा कलार। क्षेत्र की सहकारी समिति पर यूरिया खाद समाप्त हो जाने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी सैकड़ों किसान खाद लेने पहुंचे लेकिन स्टॉक न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि बारिश के बाद अब फसलों को खाद की जरूरत है लेकिन उन्हें यूरिया नहीं मिल रही है।
तीन फरवरी की सुबह हुई हल्की बारिश से किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई थी। उन्होंने फसलों की बढ़वार के लिए खाद डालने की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि समिति पर यूरिया उपलब्ध न होने से उनकी चिंता फिर बढ़ गई है। किसान यतेंद्र त्रिवेदी, भंवर सिंह कुशवाहा, राजकुमार, पप्पू यादव, धर्मेंद्र शिवहरे, बबलू द्विवेदी, मोहर सिंह, फंटूश सेंगर, वीर सिंह आदि किसानों ने बताया कि इस वर्ष पूरे सीजन में खाद को लेकर भारी दिक्कत रही है। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी समय पर यूरिया नहीं मिल पा रही है जिससे फसलों पर असर पड़ने की आशंका है। समिति के सचिव जसवंत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उपलब्ध स्टॉक समाप्त हो गया है। जल्द ही नई खेप आने की उम्मीद है जिसके बाद किसानों को खाद वितरित की जाएगी।
