समाजवादी पार्टी ने खाद की कालाबाजारी का लगाया आरोप, प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। खाद की किल्लत को लेकर बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने आरोप लगाया कि खाद के लिए किसान खेतों को छोड़कर समितियों के बाहर रतजगा कर रहे हैं। बावजूद, उनके हाथ निराशा ही लग रही है। दुकानों पर भी ब्लैक में खाद बेची जा रही है। नकली खाद भी बिक रही है। सपा ने जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान सपाइयों सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा, जिसके जरिये सभी समितियों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाकर नजर रखने, ऊंचे दामों पर खाद बेचने वाले व्यापारियों का लाइसेंस निरस्त कर उन्हें जेल भेजने, नकली खाद बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने समेत विभिन्न मांगे रखीं। साथ ही कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की अविलंब व्यवस्था बनाई जाए।
इस मौके पर पूर्व विधायक सतीश जतारिया, प्रदेश सचिव संत सिंह सेरसा, वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ, रोहित सिंह पारीछा, आदित्य प्रताप सिंह, शकील खान, जितेंद्र पाल सिंह, स्वदेश यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष विश्वप्रताप सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
000000
खाद के लिए कमिश्नर से मिले कांग्रेसी
झांसी। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कमिश्नर से भेंट की। इस दौरान बताया कि पूरे मंडल में खाद को लेकर हाहाकार की स्थिति मची हुई है। किसानों को आसानी से खाद नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में भी खाद नहीं दी जा रही है। उन्होंने किसानों को मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने की मांग की। ब्यूरो
