एटा। सरकारी सोलर पंप योजना (कुसुम) से किसानों को पंप लगाने का झांसा देकर लोगों से खाते में रुपये डलवाते थे। लोगों के महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर खाते खुलवाकर खुद ही लेनदेन करते थे। इस प्रकार से साइबर ठगी करने वाले फिरोजाबाद के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

थाना व कस्बा अलीगंज निवासी सुखेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि कृषि सिंचाई के लिए सरकारी योजना के अनुदान को लेकर एक सबमर्सिबल पंप बुक कराई थी। अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर विभिन्न खातों में 64 हजार रुपये डलवा लिए। काफी दिनों के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 28 अगस्त को उपनिदेशक कृषि प्रसार कार्यालय पर जानकारी की। पता चला कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है और उसके साथ ठगी की गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

साइबर क्राइम टीम ने बुधवार को सकीट रोड तिराहे से आगे एक बंद ढाबे के पास से सौदान सिंह निवासी नगला केसरी और कौशल किशोर उर्फ राजू निवासी मढि़या नांदिया थाना नगला खंगर जिला फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, एक फिनो पेमेंट्स बैंक का एटीएम, तीन नए सिम कार्ड, 10 फिनो पेमेंट बैंक की किट, एक बायोमीट्रिक फिंगर मशीन और 1100 रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में बताया कि वह लोगों को कॉल करके कुसुम योजना के तहत पंप लगाने का झांसा देते थे।

किसानों और जरूरतमंद लोगों से विभिन्न खातों में रुपये डलवाकर एटीएम के जरिए निकालकर खर्च करते थे। अन्य लोगों से डाटा लेकर उनके नाम से बैंकों में ऑनलाइन खाता खुलवाकर खुद संचालन करते हुए धोखाधड़ी करके सारा धन निकाल लेते थे। महंगे शौक पूरे करने के लिए ठगी करते हुए प्राप्त धन को आपस में बांट लेते थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें