मोहम्मदाबाद के गांव नहरइया में गली में खेलते समय तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से छात्र की मौत हो गई। चालक ने कार भगाने का प्रयास किया पर ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। पिता की सूचना पर पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है। नहरइया गांव निवासी प्रहलाद सिंह का पुत्र प्रशांत (10) कक्षा पांच में पढ़ता था। वह रविवार शाम करीब सवा पांच बजे गांव की गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
इसी समय आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। इससे प्रशांत दूर जा गिरा। चालक ने कार भगाने का प्रयास किया, मगर ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ लिया। इसके बाद उसी कार से घायल बच्चे को आवास विकास तिराहा स्थित निजी अस्पताल लाया गया। हां बच्चे को जैसे ही स्ट्रेचर पर लिटाया तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पिता प्रहलाद सिंह ने कादरीगेट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर कार को कब्जे में ले लिया। पिता प्रहलाद सिंह ने बताया कि प्रशांत चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसका बड़ा भाई शिवकुमार और छोटा निशांत व बहन भावना है। मां सोनी का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि कार की स्पीड काफी तेज थी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है।
