कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गुनिर तिराहे पर सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और मवेशी चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि पुलिस ने आठ अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से तीन चार पहिया वाहन, दस मोबाइल फोन, छह बकरियां, 58,100 रुपये नकद और अवैध असलहा बरामद किया गया।

थानाध्यक्ष कल्याणपुर सुमित देव पांडेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहन, व्यक्तियों और वांछित अपराधियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तीन कारों पर सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से आठ अन्य आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम लवलेश निषाद पुत्र रामबाबू निषाद निवासी टीकापुर थाना जलालपुर जनपद हमीरपुर बताया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राज निषाद, सूरज, अरविंद निषाद, जितेंद्र, रमन पांडेय, अमित राज, रिंकू और पंकज सोनकर शामिल हैं। सभी अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 मार्च को ग्राम गगौली में हुई बकरी चोरी की घटना को उन्होंने अपने गिरोह के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इसके अलावा गाजीपुर और जहानाबाद थाना क्षेत्रों में हुई बकरी चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्सयूवी-300, बोलेरो और वैगनआर कार, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दस मोबाइल फोन, छह बकरियां और 58,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

घायल आरोपी लवलेश निषाद के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को अधिकारियों ने सराहना दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें