
विद्यासागर पटेल (फाइल फोटो)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फतेहपुर में मवेशियों को चारा डालने निकले किसान को सांड ने दौड़ा लिया। सींग से उठाकर फेंकने के बाद अन्ना सांड ने पेड़ से दबाकर मार डाला। हादसे से परिवार का हाल बेहाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खिदिरपुर निवासी विद्या सागर उर्फ तिवारी पटेल (48) किसान थे। उन्हें मामा राम सिंह की संपत्ति मिली थी। वह परिवार समेत मामा के गांव मलवां थाना क्षेत्र के सहिली में रहते थे।
वह भोर करीब तीन बजे भैंस को चारा डालने जा रहे थे। रास्ते से अन्ना साड़ को हटाने लगे। सांड ने किसान को दौड़ा लिया। भागते समय किसान ईंट की ठोकर लगने से गिर पड़ा। पीछे से पहुंचे सांड ने सींग से उठाकर किसान को बबूल के पेड़ के पास फेंका। बबूल के पेड़ पर किसान को दबाकर सांड ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर मामा राम सिंह व अन्य लोग पहुंचे। जानलेवा हमले से किसान की हालत गंभीर हो चुकी थी।
परिजन कार से किसान को अस्पताल ले जाने लगे, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामा रामसिंह ने बताया कि बच्चे न होने के कारण भांजे को गोद लिया था। बचपन से भांजे को पाला और ब्याह किया था। सारी संपत्ति भी बातौर पुत्र दे रखी थी। किसान की मौत से पत्नी रिंकी देवी का हाल बेहाल है। उनका एक बेटा अंशु पटेल (11) और एक बेटी अंशिका पटेल (4) वर्ष की है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अक्सर अन्ना मवेशियों से घटनाएं
अन्ना मवेशियों से हमले की आए दिन घटनाएं सामने आ रही हैं। दो दिन पहले बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक पर सांड ने हमला किया था। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। थरियांव थाना क्षेत्र में एक युवक की सांड के हमले में एक माह पहले मौत हो गई थी। कई बार वाहन चालक अन्ना मवेशियों के अचानक सड़क पर आने से हादसों का शिकार हो रहे हैं। कहीं न कहीं अन्ना मवेशियों की संख्या गांव और शहरी क्षेत्रों में बढ़ती जा रही है।
