संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
Updated Tue, 19 Dec 2023 11:58 PM IST
बकेवर। थाने के मुसाफा गांव में मंगलवार को निचली रामगंगा नहर पुल के समीप एक ई-रिक्शा खांदी में जा गिरा। रिक्शा में बैठी सवारियों को भी चोटें आईं।
मुसाफा चौराहे से कुढ़नी कानपुर स्थित बजरंबली के दर्शन के लिए श्रद्धालु ई-रिक्शा से जा रहे थे। नहर मोड़ के पास संकरी और ध्वस्त सड़क में ई-रिक्शा पलट गया। हालांकि किसी को गंभीर चोटें नहीं आई। मार्ग ध्वस्त होने से यहां पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। तीन दिन पहले ही मिर्ची से भरी पिकअप नहर के समीप पलटी थी। सड़क संकरी होने से वाहनों के आने-जाने में भी परेशानी होती है। महज तीन मीटर चौड़ी सड़क से रोजाना हजारों वाहन निकलते हैं। लोगों का कहना है कि सड़क के आसपास मिट्टी की पुराई तक नहीं की गई है और बड़ी-बड़ी झाड़ियां खड़ी हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोक निर्माण के अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जल्द ही समस्याओं से निजात के लिए प्रयास किए जाएंगे।
…………………
