फतेहपुर। कानपुर से होकर आने वाली महानंदा एक्सप्रेस एक घंटा 22 मिनट की देरी से पहुंची। इस दौरान प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। विशेष ट्रेन चलने और इटावा में आगजनी की घटना के कारण कानपुर की ओर से आने वाली अधिकतर ट्रेन देरी से स्टेशन पहुंची।
फतेहपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना प्रयागराज और कानपुर के लिए करीब 35 ट्रेन गुजरती हैं। त्योहार का दौरान इन दिनों उत्तर मध्य रेलवे की तरफ से एक दर्जन से अधिक विशेष ट्रेन भी चलाई गई हैं। रेल ट्रैक पर यातायात का दबाव अधिक हो गया है। बुधवार और गुरुवार को इटावा के पास ट्रेन में आगजनी होने से भी रेल यातायात प्रभावित रहा। शुक्रवार शाम कानपुर की ओर से आने वाली महानंदा एक्सप्रेस (15484) निर्धारित समय शाम 3:53 की जगह शाम 5:15 बजे स्टेशन पहुंची। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। खासतौर पर रोजाना प्रयागराज जाने वाले व छठ पूजा में बिहार जाने वाले लोगोें को मुश्किल हुई। इसके अलावा कानपुर की ओर से आने वाली इंटरसिटी भी करीब 18 मिनट देरी से पहुंची। छठ पूजा के लिए चल रही विशेष ट्रेन (4151) भी शाम 4:45 की बजाय शाम 5:20 बजे स्टेशन पहुंची। पीआरओ प्रयागराज अमित मिश्रा ने बताया कि इन दिनों रेल यातायात थोड़ा प्रभावित रहा है।
