फतेहपुर। कमरे की कुंडी लगाने के बाद शातिर चोर दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर तीन लाख के जेवरात चुरा ले गए। कमरे में सो रहे परिवार को सुबह जागने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची।
धाता थाना क्षेत्र के गलेहरा निवासी छेदीलाल विश्वकर्मा किसान हैं। वह मंगलवार रात दरवाजे पर सो रहे थे। किसान का बेटा शिवशंकर, बहू व बच्चे के साथ कमरे में सोया था। बेटे ने बताया कि सुबह कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। मोबाइल से फोन कर परिवार को जगाया। बाहर निकलकर देखा तो सामने कमरे का ताला टूटा पड़ा था। कमरे में अलमारी का सामान बिखरा और लॉकर टूटा हुआ था। लाॅकर से जेवरात समेत अन्य सामान गायब था। घर के पीछे की दीवार में सेंध लगी थी। चोर रात को दीवार में सेंध लगाकर घुसे और तीन लाख के जेवरात चुरा ले गए हैं। घटना की 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
घर में धान बेचने और अन्य काम के लिए करीब एक लाख रुपये थे। गनीमत रही कि लॉकर से नकदी हटाकर दूसरी जगह पर रखी थी। इसी वजह से चोर नकदी तक नहीं पहुंच सके।
