उन्नाव। लखनऊ में एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के निर्माण के कारण लग रहे जाम की समस्या से निपटने के लिए 23 सितंबर को उन्नाव पुलिस लाइन में उन्नाव, लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, रायबरेली और फतेहपुर के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई थी। तय हुआ था कि एक अक्तूबर से इटावा, औरैया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों (माल वाहक वाहनों) को कानपुर देहात के सिकंदरा से डायवर्ट कर भोगनीपुर, घाटमपुर होते हुए फतेहपुर से लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
हमीरपुर और महोबा की ओर से आने वाले वाहनों को भोगनीपुर से घाटमपुर की तरफ भेजा जाएगा। उन्नाव में गदनखेड़ा चौराहा से रायबरेली हाईवे से बिहार होते हुए लखनऊ और दही चौकी तिराहे से पुरवा, मौरावां, मोहनलागंज होते हुए लखनऊ भेजा जाएगा। इस बैठक में मौजूद रहे लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने तय किए गए ट्रैफिक प्लान पर अमल के निर्देश दिए थे। शुरुआती दिनों में तो व्यवस्था दुरुस्त रही लेकिन बाद में कानपुर नगर और कानपुर देहात की तरफ से डायवर्जन प्लान पर ध्यान न दिए जाने से भारी वाहनों का पूरा दबाव सिर्फ एक पुरवा मोड़ डायवर्जन प्वाइंट पर आ गया है इससे हाईवे पर जाम की समस्या लगातार बनी हुई है।
सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि ट्रैफिक डायवर्जन प्लान में लापरवाही पर कानपुर से सहयोग न मिलने से समस्या हो रही है। बताया कि कानपुर के डीसीपी को पत्र भेजकर भारी वाहनों को उन्नाव की तरफ आने से रोकने के लिए कहा गया है। बताया कि लखनऊ के उच्चाधिकारियों को भी पत्र भेज रहे हैं।
झांसी व दिल्ली रूट से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर देहात के भोगनीपुर से घाटमपुर की तरफ डायवर्ट कर, चौडगरा, रायबरेली, बछरावां होते हुए मोहनलालगंज से लखनऊ भेजना है।
हमीपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर नगर के घाटमपुर से, चौडगरा, रायबरेली, मोहनलालंगज होते हुए लखनऊ भेजा जाना है। झांसी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कानपुर के रामादेवी चौराहे से चौडगरा की तरफ डायवर्ट करते हुए मोहनलालगंज रूट से लखनऊ भेजने का रूट तय हुआ था। कानपुर से उन्नाव की ओर आने वाले भारी वाहनों को दही चौकी से पुरवा मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है। यह वाहन पुरवा, मौरावां, गुरुबक्शगंज, बछरावां और मोहनलालगंज होते हुए लखनऊ जा रहे हैं। दिल्ली और आगरा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से लखनऊ भेजने का प्लान तय किया गया था।
