संवाद न्यूज एजेंसी
औंग। किसान के घर से रुपये छीनकर भागे दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की रकम और दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
औंग थाना क्षेत्र के मयाराम खेड़ा निवासी प्रेम नारायण के घर में चोर दीवार में सेंध लगाकर पहुंचे। खूंटी पर लटक रहे चोर रुपये भरा झोला चुराकर भाग रहे थे। सेंध के रास्ते से निकलते समय चोर को गृहस्वामी के पुत्र ने पकड़ लिया था। छीनाझपटी में झोला फट गया था। कुछ रुपये गिर गए थे। इसके बाद भी डेढ़ लाख नकदी भरा झोला छीनकर चोर भाग निकले थे।
प्रभारी निरीक्षक विद्या यादव ने बताया कि अभयपुर गांव निर्माणाधीन फैक्टरी के पास मंगलवार की रात दो युवकों को पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में युवकों ने चोरी कबूल की। आरोपी कल्यानपुर थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी अमन और औंग थाने के जाड़े का पुरवा निवासी धर्मेंद्र निकले। उनके पास से चोरी की रकम में 40 हजार रुपये बरामद हुए।
आरोपियों के पास से दो बाइक मिली। दोनों बाइक चोरी की निकली। आरोपियों ने बाइक कल्यानपुर और खागा कोतवाली क्षेत्र से चुराई थी। दोनों को जेल भेजा गया है।
