फतेहपुर। घर में घुसकर पड़ोसी युवक ने युवती को घसीट ले जाने का प्रयास किया। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि गांव का शुभम सुचारी पुत्री को परेशान करता है। उसके घरवालों से भी शिकायत की जा चुकी है। युवक के परिजन उल्टी सीधी बातें करने लगते हैं। वह घर के अंदर किसी काम से थी। करीब सुबह नौ बजे शुभम सुचारी घर में घुस आया। उसकी पुत्री का हाथ पकड़ा और घसीटकर ले जाने लगा। पुत्री की चीख सुनकर वह दौड़कर पहुंची। वह पुत्री को बचाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान शुभम ने उसे और पुत्री को पीटकर गालीगलौज की। किसी तरह शुभम को बाहर धकेल दरवाजा बंद किया। वह दरवाजे के बाहर खड़े होकर धमकी देता रहा। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। घटना से परिवार की सामाजिक छवि पर असर पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है।