संडे स्पेशल

– अभी तक सिर्फ 11.30 बजे तक नमूने लेने की है व्यवस्था

– अस्पताल के बाहर लगी पैथालाजी की बंद होंगी दुकाने

संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। अब जिला अस्पताल के रोगियों का प्राइवेट पैथोलाजी में जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा। जिला अस्पताल की पैथोलाजी सोमवार से शाम साढ़े चार बजे तक चलेगी। इस दौरान ब्लड के नमूने लिए जाएंगे और सभी नमूनों की रिपोर्ट देने के बाद पैथोलाजी बंद होगी। इसके लिए पांच नए लैब टेक्नीशियन नियुक्त हुए हैं।

जिला अस्पताल में अब तक 11.30 बजे तक ब्लड नमूने लिए जाते रहे हैं। इसके बाद जिला अस्पताल आने वाले रोगियों को प्राइवेट पैथोलाजी में ब्लड की जांच करानी पड़ रही थी। खास बात यह है जिला अस्पताल में रोगी 10 बजे के बाद पहुंचते हैं। इसके बाद दोपहर दो बजे तक रोगियों से अस्पताल भरा रहता है।

11.30 बजे के बाद जिन रोगियों को डाॅक्टर ब्लड की जांच लिखते हैं, उन्हें प्राइवेट पैथोलाजी में पैसे खर्च कर जांच कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की इस नई व्यवस्था से रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी और अस्पताल के सामने की प्राइवेट पैथालाजी बंद होने की स्थिति में पहुंचेंगी।

बिजली कटौती से पैथोलाजी की जांच प्रभावित न हो, इसके लिए पैथालोजी में पांच किलोवाट का इनवर्टर भी लगाया गया है। आठ बैटरी वाले इस इनवर्टर से पूरा दिन जांच मशीनें चलती रहेंगी। यह व्यवस्था सोमवार से चालू हो जाएगी। जिला अस्पताल आने वाले रोगियों के लिए बड़ी खुशखबरी है।

बयान:- जिला अस्पताल की पैथोलाजी में शाम 4.30 बजे तक ब्लड के नमूने लिए जाएंगे। सभी जांचों की रिपोर्ट उसी दिन देना होगा। अब किसी मरीज को प्राइवेट पैथोलाजी नहीं जाना होगा। इसके लिए पांच लैब टेक्नीशियनों की नियुक्ति हुई है। डॉ. पीके सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *