संवाद न्यूज एजेंसी
खागा। नगर के पूर्वी बाईपास पर निर्माणाधीन अंडरपास ब्रिज पर मंगलवार रात अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर पास बने केबिन में जा घुसा। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए व केबिन में रखा लाखों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
खागा नगर के पूर्वी बाईपास पर कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर निर्माणाधीन अंडरपास के बगल में मजदूर टिन शेड का केबिन बनाकर रहते हैं। मंगलवार रात छह मजदूर केबिन व उसके बगल में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे कानपुर की ओर से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर मजदूरों के केबिन को तोड़ता हुआ ब्रिज के नजदीक जाकर रुक गया। हादसे में केबिन के अंदर सो रहे तीन मजदूर बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नकटा गांव निवासी दो भाई मनोज (42) व मुकेश (40) और झारखंड के जनपद व थाना गढ़वा, बेलचंपा गांव निवासी अजीत उपाध्याय (40) घायल हो गए। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। घायल मजदूरों को सीएचसी हरदों लाया गया और इलाज के बाद वह वापस लौट गए। पीएनसी में लेबर ठेकेदार रंजन कुमार ने हादसे में करीब 8.70 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है। माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ है।
