फतेहपुर। दिवाली पर 12 करोड़ के पटाखों से धूम धड़ाका होगा। पटाखों के बाजार में पहले तीन करोड़ से ज्यादा की बिक्री हुई। प्रशासन ने जिलेभर में आतिशबाजी के 350 लाइसेंस जारी किए हैं। पहले दिन पटाखा बाजार में खरीदारों की खासी भीड़ रही। बाजार में छोटे बच्चों को चाइनीज तमंचा खूब भाया। हवाई आइटम खूब बिके।
शहर के महात्मा गांधी महाविद्यालय में 125, बिंदकी में 90 और खागा में 80 आतिशबाजी की दुकानें लगी हैं। इनके अलावा, कस्बों में 55 आतिशबाजी की दुकानों को लाइसेंस जारी हुए हैं। बाजार में डियर पाइप, अनार, राकेट, छोटे लहसुन, माचिस बम, चटाई के साथ हवाई आइटम लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। आतिशबाजी दुकानदार संजू श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में करीब 12 करोड़ का आतिशबाजी बाजार सजा है। पहले दिन अच्छी बिक्री हुई है। बताया कि बच्चों को चाइना तमंचा खूब भा रहा है। युवा लोग हवाई आइटम अधिक पसंद कर रहे हैं।
