संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
Updated Mon, 23 Oct 2023 12:56 AM IST
फोटो – 42- मार्गों का निरीक्षण करते एसडीएम और सीओ
– दशहरा महोत्सव को लेकर एसडीएम और सीओ ने प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिंदकी। दशहरा महोत्सव को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। एसडीएम और सीओ ने कस्बे के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर रूट मैप तैयार किया। दो दिनों तक कस्बे के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
कस्बे में रविवार से शुरू हुए भव्य दशहरा महोत्सव को लेकर एसडीएम अनिल कुमार और सीओ सुशील दुबे ने सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान तय हुआ कि सोमवार और मंगलवार शाम तीन बजे से लेकर रात 11:00 तक रूट डायवर्ट रहेगा। डायवर्जन प्लान के अनुसार चौडगरा से आने वाले वाहन ज्वाला जी मंदिर के पास बने बाईपास से फतेहपुर होते हुए जोनिहा और ललौली जाएंगे।
बिंदकी में मेला में देखने वाले लोग वाहनों की पार्किग गांधी चौराहे के बगल में रोडवेज बसस्टैंड पर करेंगें। कुंवरपुर की तरफ से आने वाले वाहन जनता बाईपास से ज्वाला जी मंदिर होते हुये चौडगरा जाएंगे। वहीं, ललौली, जोनिहा जाने के लिए उन्हें वापस फतेहपुर होते हुए जाना पड़ेगा। कुंवरपुर रोड की तरफ से मेला देखने के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों की पार्किंग दयानंद इंटर कॉलेज के सामने आर्य समाज प्रांगण में करेंगे।
जोनिहां की तरफ से आने वाले वाहन चौकी के सामने से डायवर्ट हो कर फतेहपुर होते हुए अपने गंतव्य स्थान को पहुंचेंगे। बकेवर की तरफ से आने वाले वाहन डायवर्ट हो कर चौडगरा होते हुए गंतव्य तक जाएंगे। सीओ सुशील दुबे ने बताया कि दशहरा महोत्सव पर कस्बे के अंदर दोपहर बाद वाहनों का रूट डायवर्जन तय किया गया है।
