फतेहपुर। लागत बढ़ाकर रेन वाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण करने का विरोध करने पर प्रधान ने इंजीनियर की पिटाई कर दी। इंजीनियर किसी तरह मौके से जान बचाकर भागा। जातिसूचक शब्द बोलकर सरकारी कार्य में बाधा डाली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

शहर के सिविल लाइन आदर्श नगर निवासी रमित राज संविदा पर पंचायतीराज विभाग में कंसल्टिंग इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। इन्हें पंचायतीराज विभाग की ओर से तेलियानी ब्लाक में चल रहे निर्माण कार्यों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह बुधवार को ग्राम विकास अधिकारी अरविंद पटेल के कहने पर सनगांव प्राथमिक विद्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग का ले-आउट तैयार करने गए थे। उस समय ग्राम विकास अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।

प्रधान इफ्तेखार खान अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। काम के दौरान प्रधान ने पुराने व वर्तमान काम का मूल्यांकन लागत से अधिक बढ़ाकर बनाने के लिए कहा। उन्होंने निर्धारित मानक पर काम के लिए कहा। प्रधान ने अपने मनमुताबिक मूल्यांकन करने का दबाव बनाया। मना करने पर प्रधान ने गाली-गलौज कर जाति सूचक शब्द बोले और इंजीनियर को कई थप्पड़ मारे। उनका मोबाइल तोड़ने का प्रयास किया।

किसी तरह वह जान बचाकर बाइक से भागे। इससे पहले भी 20 मई को प्रधान मोबाइल पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दे चुका था, जिसकी वाइस रिकार्डिंग है। इंजीनियर ने इसकी शिकायत सहायक विकास अधिकारी व पूर्व में तैनात सचिव उमेश वर्मा से की थी। इस पर मौखिक समझौता हुआ था। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

कोट-इंजीनियर रमित राज निर्माण कार्यों में बनने वाली मेजरमेंट बुक (एमबी) में अनियमितता बरतते हैं। पूर्व के सचिव के साथ मिलकर विकास कार्यों में गड़बड़ी कर चुके हैं। प्राथमिक विद्यालय में नोकझोंक हुई थी। मारपीट का कोई मामला नहीं है। इंजीनियर ने पुरानी खुन्नस के चलते गाली-गलौज की। इसकी गवाही प्राथमिक विद्यालय में मौजूद शिक्षक दे सकते हैं।

– इफ्तिकार अहमद, प्रधान, सनगांव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *