बकेवर। सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित किशोरी का बिंदकी कोतवाली में महिला पुलिस कर्मियों ने बयान दर्ज किया है। उधर, आरोपी की तलाश में कानपुर तक पुलिस ने दबिश दी है। पुलिस ने आरोपी परिवार के तीन सदस्यों को पूछताछ के लिए उठाया है। हालांकि पीड़िता ने एफआईआर के आधार पर ही बयान दिए हैं। दुष्कर्म वैन में होने और कितने लोग सामूहिक दुष्कर्म में शामिल रहे, यह हालात साफ नहीं हो सके हैं।
बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी कक्षा आठ में पढ़ती है। घर से तीन अक्तूबर की सुबह करीब नौ बजे खेत जा रही थी। रास्ते से गांव का दिनेश अपने साथी संग किशोरी को वैन में अगवा कर ले गया था। नशीला पदार्थ पिलाकर किशोरी को बेहोश कर दुष्कर्म किया था।
करीब आठ घंटे बाद किशोरी घर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी दिनेश से मोबाइल पर संपर्क किया था, लेकिन वह पुलिस के सामने नहीं आया।
उसका शनिवार शाम मोबाइल बंद हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने कानपुर तक दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस आरोपी के परिवार की दो महिलाओं और एक युवक को पूछताछ के लिए थाने लाई है। पुलिस पीड़िता को रविवार दोपहर बिंदकी कोतवाली में महिला दरोगा समक्ष बयान दर्ज कराने ले गई। करीब एक घंटे तक महिला दरोगा ने पूछताछ कर बंद कमरे में बयान लिए। सीओ सुशील दुबे ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान होना बाकी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
