किशनपुर। थानाक्षेत्र के एकडला गांव के पास लूट के मामले में बीसी संचालक का सहयोगी ही मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कबूलनामे के बाद एक बदमाश को पकड़ा है। दूसरे की तलाश जारी है।
थानाक्षेत्र के रग्घूपुर मजरे गढ़ा गांव निवासी बीसी संचालक रितिक त्रिपाठी का कस्बा स्थित बैंक में खाता है। उसने बैंक से शुक्रवार को भुगतान लाने के लिए सहयोगी दीपक सोनी को भेजा था। दीपक अपने नाबालिग भतीजे के साथ रुपये लेकर गांव जा रहा था। एकडला के पास बाइक सवार बदमाश बैग लूटकर भाग निकले थे। पुलिस की पूछताछ में संदिग्ध दीपक सोनी निकला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दीपक ने लूट की साजिश रची थी। उसने खागा से दो शातिरों को लूट की घटना कराने के लिए बुलाया था। एसओजी टीम ने दबिश देकर एक लुटेरे को पकड़ा है। सीओ बृजमोहन राय ने बताया कि पुलिस खुलासे तक पहुंच गई है। पूछताछ और धरपकड़ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
