थरियांव। बेटी के घर जा रहे साइकिल सवार वृद्ध की रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वाहन का पता लगा रही है।
ललौली थानाक्षेत्र के श्यामपुर निवासी प्रहलाद (86) थरियांव थानाक्षेत्र के बहरामपुर गांव बेटी के घर साइकिल से सुबह जा रहे थे। बहिलापुर मोड़ के पास पीछे से किसी वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। साइकिल सवार बुजुर्ग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वाहन की तलाश की जा रही है। (संवाद)
