चौडगरा। रामगंगा निचली नहर पटरी पर रजनी की हत्या कर शव फेंकने के बाद सिर और हाथ काटने वाले दो देवर व एक भतीजे को पुलिस ने जेल भेजा है। महिला की हत्या प्रापर्टी विवाद में की गई थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से महिला के हाथ और सिर काटा था। हत्यारोपी एक देवर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कानपुर महाराजपुर थानाक्षेत्र के हाथीगांव निवासी रजनी कुशवाहा (30) के पति दयाराम कुशवाहा की करीब 10 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। वह परिवार से अलग रहकर सिलाई और कास्मेटिक की दुकान चलाकर भरण-पोषण करती थी। एक माह पहले ससुर ननकऊ कुशवाहा की मौत हो गई थी। ननकऊ के तीन पुत्र शिवराम, जयराम, सियाराम हैं।
ननकऊ से कुछ दिनों पहले बेटों ने सात बीघा जमीन का बैनामा कराया था। इसकी भनक लगने पर बैनामे पर रजनी ने आपत्ति दाखिल की थी। बिंदकी सीओ सुशील दुबे ने बताया कि दाखिल खारिज में आपत्ति लगाने की खुन्नस में जेठ शिवराम, जयराम, सियाराम और शिवराम के पुत्र अविनेश ने रजनी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत अविनेश नौ नवंबर की रात छत के रास्ते रजनी के घर पहुंचा।
दरवाजा खोलकर पिता और ताऊ जयराम, सियाराम को बुलाया। चारों ने गला दबाकर रजनी की हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए खेत से बैगन तोड़कर लाए। एक बोरे में रजनी का शव भरा। उसी बोरे में शव को छिपाने के लिए बैगन भरे। एक बाइक में शव का बोरा रखा। बाइक अविनेश और शिवराम लेकर निकले। दूसरी बाइक में बैगन का दूसरा बोरा रखकर सियाराम और जयराम निकले।
कल्यानपुर थाने के कोरसम नहर पटरी पर चारों पहुंचे। बांका से अविनेश ने धड़ से रजनी का सिर काटा। जयराम और शिवराम ने एक-एक हाथ काटा। झाड़ियों में शव छिपाने के बाद काटे गए सिर और हाथों को एक पन्नी में भरकर अदमापुर नहर पुल के रास्ते चार किलोमीटर दूर वीरपुर गांव पहुंचे। वहां जंगल में पुराने कुएं में अंगों को पन्नी समेत फेंककर घर चले गए।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका व सिर, हाथों को दमकल की मदद से कुएं से बरामद किया। पुलिस को घटना का सुराग बैगन के जरिए लगा। बैगन की पैदावार वाले क्षेत्र की जांच करते पुलिस कानपुर के महाराजपुर थानाक्षेत्र में पहुंची। महाराजपुर पुलिस को पता लगा कि हाथीगांव से महिला गायब है। इसके बाद पुलिस ने हत्या की कड़ी से कड़ी जोड़ी।
पुलिस ने शिवराम, जयराम, अविनेश को जेल भेजा है। फरार सियाराम की तलाश में जुटी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक, मृतका का चप्पल, बाल, टूटी पायल, नोजपिन, गुरिया बरामद की है। हत्या का मुकदमा कोरसम गांव के प्रधान जितेंद्र की तहरीर पर दर्ज किया गया है।
एक में मां व दूसरे में नाम गुदा होने से काटे हाथ
वारदात में सिर काटने से शिनाख्त नहीं छिप सकती थी। इसी वजह से दोनों हाथ काटने पड़े। मृतका के एक हाथ में मां, दूसरे हाथ में रजनी गुदा था। इसी वजह से कातिलों ने दोनों हाथ काट डाले।
