फतेहपुर। महानंद रामलीला कमेटी की ओर से मंगलवार को आयोजित भरत मिलाप कार्यक्रम को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शोभायात्रा और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंगलवार दोपहर तीन बजे से चार नवंबर सुबह आठ बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर ज्वालागंज तिराहा, पीरनपुर पुलिया, कबाड़ी मार्केट, वर्मा चौराहा, आईटीआई तिराहा, मिशन अस्पताल, हरिहरगंज पुल के नीचे, रेलवे स्टेशन शिव मंदिर होते हुए देवीगंज पुल तक पहुंचेगी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
– ज्वालागंज से वर्मा चौराहा और आईटीआई तिराहा होते हुए देवीगंज व राधानगर जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इनके लिए बाकरगंज, सदर अस्पताल तिराहा, नउवाबाग जेल रोड मोड़, जेल रोड, नई तहसील और जयरामनगर का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
– राधानगर से देवीगंज पुल और वर्मा चौराहा होते हुए ज्वालागंज आने वाले वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ऐसे वाहन जयरामनगर, नई तहसील, जेल रोड, नऊवाबाग और बाकरगंज होकर गुजरेंगे।
– ज्वालागंज से वर्मा चौराहा और आईटीआई तिराहा होते हुए मिशन अस्पताल, रेलवे स्टेशन व पटेलनगर जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इनके लिए बाकरगंज, सदर अस्पताल तिराहा, बिंदकी बस स्टॉप, पत्थरकटा चौराहा, पटेलनगर और शादीपुर चौराहे का रास्ता तय किया गया है।
– आर्य समाज मंदिर चौराहा से कोतवाली चौक और ठाकुर दरियाव चौराहा से वर्मा चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। इन वाहनों को बाकरगंज, सदर अस्पताल तिराहा, पत्थरकटा चौराहा और पटेलनगर होकर निकाला जाएगा।
– पटेलनगर से आईटीआई तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

