बहुआ। ललौली क्षेत्र में राजमिस्त्री की हत्या में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दो आरोपी अभी फरार हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से राजमिस्त्री की मौत की पुष्टि हुई है। उसका विसरा सुरक्षित किया गया है।
रविवार रात ललौली थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव के मजरे बलखंडी डेरा निवासी राजमिस्त्री तेजा निषाद अपने साढ़ू के घर जा रहा था। पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी परिवार के जगमोहन निषाद, पत्नी रामप्यारी और बेटे बबलू निषाद ने राजमिस्त्री को अपने घर के अंदर खींचकर लाठी-डंडों से पीटा था। सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद तीनों आरोपी घर पर ताला बंद कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीनों की तलाश के लिए दो टीमें गठित की थीं। सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन खंगाली और उनके परिचितों से पूछताछ की। सोमवार देर रात ललौली पुलिस ने मुत्तौर के नजदीक आरोपी जगमोहन निषाद को दबोच लिया। उसने बताया कि मृतक नशे की हालत में बार-बार उसके दरवाजे पर आकर गालीगलौज कर रहा था। तभी धक्का-मुक्की होने पर वह गिर गया और उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर तारकेश्वर राय ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पैतृक खेत में हुआ राजमिस्त्री का अंतिम संस्कार
परिजन और रिश्तेदारों ने मंगलवार दोपहर कोर्राकनक के ओनई गांव के पास यमुना नदी किनारे पैतृक खेतों में राजमिस्त्री के शव को दफना दिया। इस दौरान उसकी पत्नी कमलेश देवी, बेटी मंजू देवी, बेटों राजेंद्र और राकेश का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
