फतेहपुर। आरपीएफ टीम ने चौडगरा स्थित एक टेलीकॉम संचालक को गिरफ्तार किया। आरोपी पर्सनल आइडी के माध्यम से ग्राहकों के ई-टिकट बुककर उन्हें अधिक मूल्य पर बेचता था। आरोपी के कब्जे से 26 हजार रुपये की कीमत के 21 ई-टिकट बरामद हुए। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
आरपीएफ को सूचना मिली कि चौडगरा बाजार स्थित राहुल टेलीकॉम एंड ट्रेवल्स पर टिकटों की कालाबाजारी हो रही है। टीम ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को भविष्य यात्रा की 11 और अतीत यात्रा की 10 ई-टिकट मिली। पूछताछ करने पर टेलीकाॅम संचालक ने अपना नाम कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर निवासी राहुल सिंह पुत्र मुन्ना सिंह बताया। आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से इस कारोबार में लिप्त है। आरोपी ऑनलाइन टेलीकॉम और सेवा केन्द्र की आड़ में पर्सनल यूजर से टिकटें बनाकर वास्तविक मूल्य से अधिक रेट में बेच रहा था। इस दौरान वह करीब 100 से 200 रुपये प्रति टिकट अधिक लेता था। टीम ने दुकान से एक सीपीयू, कीबोर्ड, एंड्रायड मोबाइल, माउस जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। कंपनी कमांडर अशोक कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
