फोटो-31-रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्रवेश द्वार के लिए तैयार किया गया ढांचा। संवाद
– अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन को हो रहा कायाकल्प, टिकट घर सहित कई आधुनिक इंतजाम किए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चाैथे प्लेटाफॉर्म का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही पुरानी कचहरी रोड की तरफ स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू हो गया है। जल्द ही स्टेशन पर जाने के लिए दो प्रवेश द्वार होंगे। इसके अलावा दोनों द्वारों पर टिकट घर सहित कई आधुनिक इंतजाम किए जाएंगे।
रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव और लोगों की जरूरतों को देखते हुए करीब तीन माह पहले पीएम मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शहर के रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का शुभारंभ हुआ। यहां के चौथे प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्लेटफॉर्म का ढांचा लगभग बनकर तैयार हो चुका।
मिट्टी पुराई के बाद शेड का निर्माण होगा। प्रवेश द्वार के पिलर बनाने के लिए गड्ढे खोद दिए गए हैं और ढांचा तैयार किया जा रहा। इसके अलावा जल्द ही स्टेशन के पहले प्लेटाफॉर्म का कायाकल्प भी होगा। पहले प्लेटफॉर्म पर पुराने प्रवेश द्वार और वहां बने कार्यालयों और आरपीएफ चौकी को तोड़कर स्टेशन के स्वरूप को बदला जाएगा।
पुराने प्रवेश द्वार को चौड़ा कर वहां यात्रियों के अलग से सड़क बनाई जाएगी। जबकि स्टेशन के सामने से गुजरने वाले आमजन के लिए अलग सड़क होगी। प्रवेश द्वार पर पोर्च का इंतजाम होगा। वहां गार्डेन सहित आधुनिक टिकट घर भी बनेंगे।
बनेगा फुट ओवरब्रिज
रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य में फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जाएगा। इस दौरान पुराने प्रवेश द्वार से चौथे प्लेटफॉर्म के बाहर नए प्रवेश द्वार को जोड़ा जाएगा। बीच के सभी प्लेटाफॉर्म भी ओवरब्रिज से जुड़ेंगे। ओवरब्रिज पर स्वचालित सीढि़यों की व्यवस्था होगी। ब्रिज बनने से यात्रियाें को ट्रैक पार नहीं करना पड़ेगा।
अलग से बनाया जाएगा टैक्सी, ई-रिक्शा स्टैंड
स्टेशन के प्रवेश द्वार पर दिन भर ई-रिक्शों का हुजूम लगा रहता है। इससे जाम की स्थिति भी बन जाती है। आरपीएफ के दखल के बावजूद रिक्शों का हुजूम कम नहीं हो रहा। निर्माण कार्य के दौरान वहां अलग से टैक्सी, ई-रिक्शा स्टैंड बनेगा। जो प्रवेश द्वार से उचित दूरी पर होगा।
कोट
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का कार्य चल रहा है। स्टेशन में दूसरे प्रवेश द्वार का कार्य शुरू हो गया है। मार्च तक कार्य पूर्ण हो जाने की उम्मीद है। – मो. वाहिद, आईओडब्ल्यू कार्य, उत्तर-मध्य रेलवे।
