संवाद न्यूज एजेंसी

फतेहपुर। हुसैनगंज रोड पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला और स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। दोनों वाहनों पर सवार एक-एक युवक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल युवकों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भैरमपुर निवासी फूल सिंह का इकलौता बेटा सोनू लोधी (28) गुरुवार रात पड़ोस में रहने वाले दोस्त समरा के साथ स्कूटी से हुसैनगंज निमंत्रण में जा रहा था। स्कूटी समरा चला रहा था और सोनू पीछे बैठा था। रात करीब 10:30 बजे बेरागढ़ीवा के नजदीक सामने से आ रही अपाचे बाइक को पीछे से एक वाहन ने टक्कर मारी और वह रौंदते हुए निकल गया।

इससे बाइक की स्कूटी से सीधे भिंड़त हो गई। इससे सोनू की मौके पर मौत हो गई जबकि समरा गंभीर रूप से घायल हुआ। वहीं बाइक सवार मलवां थाना क्षेत्र के गांव बेनीहरसिंहपुर निवासी रामप्यारी (35) पत्नी चंद्रप्रकाश की भी मौके पर मौत हो गई। बाइक चला रहे रामप्यारी की बहन का बेटा हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गांव संग्रामपुर निवासी सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों को मजमा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलाें को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। बताया जा रहा कि मृतका एक निमंत्रण समारोह में शामिल होने के लिए मुस्तफापुर गई थी। वहां से घर लौट रही थी।

हादसे के बाद दो घरों में छाया मातम

घटना के बाद से दोनों घरों में मातम छा गया। मृतका की बेटियां अंशिका, अंकिता और अर्पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर खबर सुन कर सोनू की मां रानी देवी भी बेहाल हैं। पुलिस ने फूल सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *