फतेहपुर। जिला बार एसोसिएशन का चुनाव गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया। सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मतदान हुआ। कुल 1822 मतदाताओं के सापेक्ष 1487 मत पड़े। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं के बीच उत्साह देखा गया। अध्यक्ष और महामंत्री पद को लेकर सबसे ज्यादा माहौल गर्म रहा। मतदान के लिए कुल तीन बूथ बनाए गए थे।

अध्यक्ष, महामंत्री (सचिव), वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत कुल 23 पदों के लिए 58 प्रत्याशी मैदान में थे। बूथ एक में 514, बूथ दो में 497 और बूथ तीन में 476 मत पड़े। सर्वसमाज संगठन के अध्यक्ष पद के दावेदार राकेश वर्मा की तरफ युवा वकीलों के झुकाव की चर्चा रही तो वहीं क्रास वोटिंग ने चुनाव को कांटे का बना दिया है। आदर्श अधिवक्ता संगठन से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे विनोद सिंह सेंगर का भी पलड़ा भारी बताया जा रहा है। स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ी संतोष कुमारी शुक्ला को मिले वोटों से विनोद सेंगर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। व्यवस्था परिवर्तन संगठन के बाबूलाल करुणाकर के समर्थक भी पूरे दिन दम खम के साथ प्रचार में जुटे रहे। महामंत्री (सचिव) पद पर चुनाव त्रिकोणीय हो गया है। अशोक शुक्ला, देवव्रत अग्निहोत्री और बचानी लाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है।

इनसेट

आज होगी मतगणना…

आज सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। चुनाव अधिकारी बाबू सिंह यादव ने बताया कि मतगणना तीन टेबलों पर होगी। पहली टेबल में सफेद मतपत्र वाली पेटी जिसमें अध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त सचिव और प्रकाशन, प्रशासन, पुस्तकालय सचिव पदों के मतपत्र की गिनती होगी। दूसरी टेबल में पीले मतपत्र हैं इसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की मतगणना होगी। तीसरी टेबल में लाल मतपत्र हैं, इसमें वरिष्ठ, कनिष्ठ सदस्यों के मतपत्रों की गिनती होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *