फ़तेहपुर-हुसैनगंज। ओमघाट भिटौरा में माटी से माटी का अलंकरण समारोह हुआ। रविवार को 16वें माटी से माटी अलंकरण समारोह में देशभर में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत जनपद की विभूतियों को उत्कर्ष कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
फतेहपुर फोरम के सहयोग से जनपदीय गौरवशाली अलंकरण समारोह स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी योग्यता से मुकाम हासिल करने वाले माटी के लालों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वामी विज्ञानानंद ने कहा की देश की आजादी से लेकर सीमाओं की रक्षा के लिए हमारे माटी के लालों ने अपने प्राणों की आहुति दी है।
ऐसे वीर सपूतों को जनपद वासियों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए फोरम शहीद स्थल का निर्माण, शहीद पार्क, शहीद मेला तथा शहीदों की जीवनी का विस्तृत वर्णन लिखने के लिए पुस्तक लिखी जाएगी। लेखन की जिम्मेदारी महेश चंद्र त्रिपाठी, सुधाकर अवस्थी एवं डॉ. मलखान विश्वकर्मा की होगी। फोरम के अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने फोरम के कार्यों की विस्तृत चर्चा की।
अलंकरण समारोह में जनपद की प्रतिभाओं को संगठन की ओर से राजेंद्र प्रसाद साहू, सुधाकर अवस्थी, इंजीनियर आरबी सिंह, एडवोकेट मेवालाल मौर्य, विद्याभूषण तिवारी, रमेश चंद्र विद्यार्थी ने पुष्प गुच्छ, रुद्राक्ष माला, ओम का प्रतीक चिह्न एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली विभूतियों में महेशचंद्र त्रिपाठी साहित्यकार, कर्नल अर्जुन सिंह, डॉ. मलखान विश्वकर्मा, राजीव मिश्रा, मनदीप सिंह, प्रेम बहादुर, प्रताप मिश्रा, राममूरत पांडे, कुंज बिहारी अग्रवाल शामिल रहे।
प्रमोद चंद्र मिश्रा फाउंडेशन मुंबई की तरफ से जनपद की शिक्षा क्षेत्र में पर आए दो बच्चों क्रमश दिव्यांशी शुक्ला सरस्वती विद्या मंदिर खागा एवं अनुज कुमार साहू पुत्र बिनोद साहू राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न व 10 हजार का चेक देकर सम्मानित किया गया।
