फतेहपुर। आग की चपेट में आकर झुलसे मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव निवासी सैनिक की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक हल्द्वानी की एएससी बटालियन में तैनात था। तीन दिन पहले ड्यूटी के दौरान यूनिट की मेस में आगजनी होने पर साथियों को बचाने में वह झुलसा था। गुरुवार को मृतक का शव गांव पहुंचेगा।
मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव निवासी कमल सिंह कछवाह (40) पुत्र स्व. राजा सिंह कछवाह वर्ष 2001 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। इन दिनों वह नैनीताल के हल्द्वानी में 5685 एएससी बटालियन में हवलदार के पद पर तैनात थे। सैनिक कल्याण समिति के मुताबिक, 11 दिसंबर को यूनिट के कुक हाउस में अचानक आग लग गई और अफरातफरी मच गई। कमल ने साहस का परिचय देते हुए वहां मौजूद अपने साथियों को बाहर निकाला जबकि वह खुुद करीब 95 प्रतिशत झुलस गए। उनका इलाज कमांड अस्पताल लखनऊ में चल रहा था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी लखनऊ पहुंच गए। घटना के बाद से पत्नी गुड़िया सिंह, 10 वर्षीय बेटी श्वेता और सात वर्षीय बेटी वैष्णवी का रो-रो कर बुरा हाल है। गुरुवार को गार्ड ऑफ आनर के साथ गांव में उनका अंतिम संस्कार होगा।
