किशनपुर। कस्बे में साल में 10वीं बार जलापूर्ति बाधित हुई। 20 हजार की आबादी पेयजल संकट से परेशान है। नवंबर महीन सिर्फ सात दिन घरों में पानी पहुंचा।
नगर पंचायत कस्बे की आबादी को जलापूर्ति देने में फेल हो गई। नवंबर महीने में नगर पंचायत सिर्फ सात दिन घरों तक पानी पहुंचा पाई। ऐसे में कस्बे में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। गुरुवार को एक बार फिर जलापूर्ति बंद हो गई है। लोग पानी के लिए दर-दर की ठोकरें खाते घूम रहे हैं। स्कूल- कॉलेज जाने वाले बच्चे सुबह से ही हैंडपंपों में पानी के लिए लाइन लगाते हैं। नगर पंचायत कार्यालय में बने ओवर हेड टैंक में सप्लाई के लिए लगाई गई स्विच हैंडिल खराब होने से बार-बार यह समस्या हो रही है।
1982 में बने ओवरहेड टैंक में जलापूर्ति के लिए लगा जर्जर हैंडिल नगर पंचायत बदलने के बजाए मरम्मत कराकर ही काम चला रही है। एक बार बनने के बाद दो से तीन दिन में दोबारा खराबी आ जाती है। वार्ड एक नई बस्ती से लेकर वार्ड 10 छिपाहटी तक के लोग निजी सबमर्सिबल और हैंडपंप में लाइन लगाने के लिए मजबूर हैं। अध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र सोनकर ने बताया कि हैंडिल की कई बार मरम्मत कराई गई, लेकिन फिर से खराबी आ गई है। नगर पंचायत के प्लंबर काम में लगे हैं जल्द ही जलापूर्ति बहाल हो जाएगी।