फतेहपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। धनतेरस शुक्रवार को है। ऐसे में ग्राहक अपनी पसंद और लेटेस्ट डिजाइन के आभूषणों की बुकिंग कराने में जुटे हैं।
सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने भी ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया है। त्योहार पर शुभ खरीदारी के लिए लोग अभी से पसंदीदा जेवर बुक करा रहे हैं। वहीं, सहालग को देखते हुए भी आभूषणों की बुकिंग में तेजी आई है।
सराफा कारोबारियों के मुताबिक, बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। इस बार सीधे खरीदारी के साथ बुकिंग का रुझान भी अच्छा है। ग्राहक अपनी पसंद के डिजाइन के जेवर तय कराकर अग्रिम रकम जमा कर रहे हैं, ताकि धनतेरस पर आभूषण घर ले जा सकें।
सराफा व्यवसायी अखिल रस्तोगी ने बताया कि पिछले पांच दिनों में सोने के दाम में करीब छह हजार रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। उनके यहां 15 दिन की बुकिंग की जा रही है। ग्राहक करीब 65 प्रतिशत रकम जमा कर धनतेरस पर आभूषण उठाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार लेटेस्ट डिजाइन के आभूषणों को लेकर ग्राहकों में खास उत्साह है।
हॉलमार्क देखकर ही खरीदें आभूषण
उप्र सराफा एसोसिएशन के मंत्री एवं फतेहपुर सराफा एसोसिएशन के संरक्षक आनंद स्वरूप रस्तोगी ने बताया कि ग्राहकों को ज्वैलरी खरीदते समय उसकी शुद्धता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। 18 कैरेट में 75 प्रतिशत, 22 कैरेट में 91.6 प्रतिशत और 24 कैरेट में 99.51 प्रतिशत सोना होता है। 24 कैरेट सोने से आभूषण नहीं बनते, इससे सिक्के तैयार किए जाते हैं। ज्वैलरी खरीदते समय हॉलमार्क का निशान जरूर देखना चाहिए। इसमें दिए गए एचयूआईडी नंबर के माध्यम से ग्राहक सोने की शुद्धता की जांच आसानी से कर सकते हैं।

फोटो-10-शहर के चौक बाजार स्थित ज्वैलरी की दुकान में खरीदारी करते लोग। संवाद– फोटो : टूंडला में अहोई अष्टमी पर बच्चों को तिलक लगाकर दीर्घायु की कामना करते माताएं संवाद

