
किसान के घर चोरी
– फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर जिले के बहुआ में चोरों ने किसान के मकान में घुसकर नकदी और सोने चांदी के जेवरात समेत करीब 17 लाख की चोरी की घटना को अंजाम दिया। किसान परिवार समेत मकान के अगले हिस्से में बने कमरे और बरामदे में सोता रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी किसान विनोद कुमार तिवारी अपने मकान के अगले हिस्से में बने बरामदे में मां लक्ष्मी देवी और कमरे में पत्नी क्षमा तिवारी बच्चों सुभम, काजल और साक्षी के साथ रविवार रात 11 बजे खाना खाने के बाद सो गए थे। तभी रात में चोर छत के रास्ते लोहे के टूटे हुए जाल से आंगन में उतरकर पिछले हिस्से में बने कमरे में घुस गए और वहां रखी अलमारी व बक्से के ताला तोड़कर 8 हजार नकदी समेत करीब 17 लाख कीमत के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। इसके बाद बक्से, बैग, जेवरात के डिब्बे और कपड़े मकान की छत में फेंककर चले गए।
सोमवार सुबह 6 बजे जब पत्नी क्षमा तिवारी और बेटियां सोकर उठीं तब चोरी की घटना की जानकारी हुई। पीड़ित किसान विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि वह और उसका परिवार रात में 11 बजे सो गया था। सुबह चोरी की घटना की जानकारी हुई है।
सूचना पर पीआरवी और दतौली चौकी प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए कई स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी हुई है। जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
