Father and son died while condition of other son is critical in truck collision in Firozabad

हादसे में उजड़ गया परिवार: पिता-पुत्र की मौत, दूसरे बेटे की हालत नाजुक
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार की सुबह ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि, दूसरा पुत्र घायल है। बेटी की शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकले थे। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करके हाईवे को जाम कर दिया। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। 

घटना रजावली थाना क्षेत्र के जालिमपुरा की है। यहां चंद्रपाल (65) अपने बेटों बबलू (25) और राजकुमार के साथ बाइक पर निकले थे। वह शिकोहाबाद रिश्तेदार के घर बेटी की शादी के कार्ड देने जा रहे थे। हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। 

टक्कर लगने के बाद तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसा देख आसपास के लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता चंद्रपाल व बबलू ने दम तोड़ दिया। वहीं राजकुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग भी आ गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बबूल के कांटे लगाकर फिरोजाबाद-जलेसर रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ टूंडला, नारखी, रजावली और पचोखरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस ग्रामीणों से बात करके जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब तक डीएम-एसपी नहीं आएंगे, तब तक जाम नहीं खोलेंगे। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चार मार्च को चंद्रपाल की बेटी दान देवी की शादी है। इससे पहले ही यह हादसा हो गया। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *