
ट्रक ड्राईवर के हत्यारोपी पिता,पुत्र पुलिस गिरफ्त में
– फोटो : पुलिस
विस्तार
दस महीने से साकेत कॉलोनी निवासी ट्रक चालक की हत्या सिर में डंडा मारने और गमछे से गला घोंटकर की थी। पुलिस ने हत्यारोपियों से की गई पूछताछ के हवाले से घटना के पीछे चालक के क्लीनर के साथ कुकर्म करने की घटना को वजह बताया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित साकेत कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय अजय पाठक पुत्र भूरे लाल पाठक पेशे से ट्रक चालक थे। बीते साल 16 जुलाई को वह घर से मथुरा जाने की बात कह कर निकले थे और उसके बाद लापता हो गए थे। पता नहीं चलने पर मृतक के भाई विजय पाठक ने कोतवाली हाथरस गेट में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। एसपी द्वारा अजय पाठक की तलाश हेतु कोतवाली हाथरस गेट पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) व सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
सीडीआर की मदद से 11 मई को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने आरोपी सुशील कुमार पुत्र ओमप्रकाश व विष्णु उर्फ विनय पुत्र सुशील कुमार निवासी गण साकेत कालोनी थाना हाथरस गेट को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगरा स्थित केजीएन ट्रेडर्स इस्लाम नगर टेड़ी बगिया जूते के सोल के कारखाना के पीछे स्थित नाले से मृतक अजय पाठक का नर कंकाल बरामद कर लिया। आरोपियों की निशान देही पर पुलिस ने एक डंडा और एक गमछा भी घटनास्थल से बरामद किया है।
