
यमुना की तलहटी में लगी आग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में यमुना की तलहटी में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं को लेकर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को सिंचाई विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। पिछले 15 दिनों में तीन बार आग लग चुकी है। सिंचाई विभाग लापरवाही बरत रहा है।
नदी सिंचाई विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। हाथी घाट, ताज व्यू पॉइंट व अन्य स्थलों पर पिछले पखवाड़े से लगातार आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। कूड़ा, कचरा और सूखी झाड़ियों में आग लगने से काला धुआं उठता है। जिससे एक तरफ ताजमहल पर वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) के नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
अमर उजाला में खबर छपने के बाद मंगलवार को मंडलायुक्त ने आगजनी स्थल का मुआयना किया। खबर का संज्ञान लेते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तलब किया। अधिशासी और अधीक्षण अभियंता गोलमोल जवाब देते रहे। जिसे लेकर मंडलायुक्त ने नोटिस जारी करने के निर्देश नगरायुक्त को दिए हैं।
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने बताया कि सिंचाई विभाग पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। यमुना में आगजनी और कचरा फेंकने व भैंसों को नहलाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से निगरानी के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। जिन्हें स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा। जिनसे आग लगाने और कचरा फेंकने वालों की निगरानी हो सकेगी।
